गाजीपुर। सादात नगर पंचायत और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दुर्गा पूजा पंडालों के पट शनिवार देर शाम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। पट खुलते ही पूरा इलाका ‘माता रानी के जयकारों’ से गूंज उठा। भक्तिमय माहौल के बीच मां दुर्गा के दर्शन के लिए पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। थाना क्षेत्र में सजे 23 भव्य पंडाल इस साल भी सादात नगर में कुल छह प्रमुख पूजा पंडाल बनाए गए हैं, जो अपनी आकर्षक बिजली की सजावट और भव्य कलात्मक प्रतिमाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। अगर पूरे सादात थाना क्षेत्र की बात करें, तो कुल 23 दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। शनिवार शाम को रंग-बिरंगी दूधिया रोशनी और लाइटों से सजे इन पंडालों की रौनक देखते ही बन रही थी। शनिवार को पंडालों में आचार्यों और पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता रानी की प्राण-प्रतिष्ठा की और विशेष आरती उतारी। महाआरती के संपन्न होते ही पंडालों के पट आम जनता के लिए खोल दिए गए। पट खुलते ही देवी मां के दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। मां दुर्गा क्लब का ‘इलेक्ट्रॉनिक पट’ बना मुख्य आकर्षण इस वर्ष सादात नगर के वार्ड संख्या छह में स्थित मां दुर्गा क्लब का पंडाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। यहाँ बिजली से संचालित (इलेक्ट्रॉनिक) पट लगाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। इसे देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम उत्सव के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से तैनात है। पुलिस बल लगातार पंडालों और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखे हुए है। इसके साथ ही, विभिन्न पूजा समितियों ने भी अपने स्तर पर भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि दर्शनार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


