
गाजीपुर। शहर की जर्जर और सीवर से क्षतिग्रस्त सड़कों की हालत सुधारने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत द्वारा सड़कों की बदहाली को लेकर भेजे गए पत्र पर नगरीय विकास एवं शहरी समग्र विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मंत्री ए.के. शर्मा ने पत्र संख्या 33291 वीआईपी/म.न.वि./2025 दिनांक 28.10.2025 के माध्यम से सांसद डॉ. संगीता बलवंत को अवगत कराया है कि उनके पत्र का संज्ञान लेते हुए प्रमुख सचिव, नगर विकास को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश भेज दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग को तत्काल प्रभाव से सड़कों की मरम्मत और सुधार की प्रक्रिया प्रारंभ करने के लिए कहा गया है। जल्द ही शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों पर मरम्मत कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे आमजन को लंबे समय से हो रही परेशानी से राहत मिलेगी।

