सुपोषण माह में आंगनबाड़ी केंद्र पर जागरूकता कार्यक्रम, अभिभावकों को दिया पोषण का संदेश

गाजीपुर। आंगनबाड़ी केंद्र मुफ्तीपुरा, वार्ड नंबर 23 में शुक्रवार को सुपोषण माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य सेविका सविता यादव की मौजूदगी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक किया। बच्चों को कुपोषण से बचाने और उनके शारीरिक व मानसिक विकास के लिए संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई।कार्यकर्ताओं ने अभिभावकों को बताया कि जन्म से लेकर छह वर्ष तक की उम्र बच्चों के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। इस दौरान बच्चों के खान-पान और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। बच्चों को उम्र के अनुसार पौष्टिक एवं संतुलित आहार देने के साथ समय-समय पर स्वास्थ्य जांच भी करानी चाहिए।कार्यक्रम में ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ का संदेश देते हुए अभिभावकों को पोषण के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों के भोजन में दाल, हरी सब्जियां, मौसमी फल, दूध और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने की सलाह दी गई। साथ ही विटामिन, प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट के स्रोतों की जानकारी देकर भोजन में विविधता बनाए रखने पर जोर दिया गया।गर्भवती और धात्री महिलाओं को भी संतुलित आहार लेने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मां और बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य के लिए परिवार के सभी सदस्यों को जागरूक होना जरूरी है। बच्चों के भोजन, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी आदतों पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई।कार्यक्रम के दौरान शिशु कुपोषण दूर करने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि घर-घर पोषण संबंधी जागरूकता पहुंचाकर कुपोषण की समस्या को कम किया जा सकता है।इस अवसर पर मुख्य सेविका सुनीता यादव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती शशि कला देवी, रुक्मिणी देवी, बिंदा यादव, गुड़िया, पुष्पा मौर्या, अंजली, साधन सहित अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ती मौजूद रहीं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version