सेवानिवृत्त जिला जज जे.एस. यादव का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

गाजीपुर । सादात अंतर्गत ग्राम सभा डहरमौवा कौड़ा के मूल निवासी, उत्तर प्रदेश शासन में सेवानिवृत्त जिला जज एवं पूर्व प्रमुख सचिव (न्याय) रहे माननीय जे.एस. यादव का दिनांक 01 जनवरी 2026 को रात्रि 10:30 बजे निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार 02 जनवरी 2026 को मणिकर्णिका घाट, वाराणसी में किया जाएगा। वर्तमान में उनका परिवार केशव बिहार कालोनी,नईबस्ती,पाण्डेयपुर वाराणसी में निवास करता है। दिवंगत जे.एस. यादव अपने पीछे धर्मपत्नी श्रीमती कलावती देवी तथा दो पुत्र श्री पीयूष यादव एवं श्री विवेक यादव को छोड़ गए हैं। उनके पुत्र वाराणसी के लेढूपुर स्थित मेरिडियन हॉस्पिटल एवं मेडिकल कॉलेज का सफल संचालन कर रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान भी अत्यंत सराहनीय रहा। जब ग्राम डहरमौवा कौड़ा के बच्चों को शिक्षा के लिए दूर जाना पड़ता था, तब माननीय जे.एस. यादव ने बाबा गजाधर दास महिला कॉलेज की स्थापना कराई, जो आरंभिक काल में सादात निवासी साहूकार स्व. रामेश्वर दास के बगीचे में संचालित होने के उपरांत वर्तमान में आतमपुर छपरा में संचालित हो रहा है। इसके साथ ही बाबा गजाधर दास नर्सिंग कालेज का भी संचालन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की बालिकाओं को लाभ मिल रहा है। जे.एस. यादव अपने न्यायिक एवं प्रशासनिक जीवन में सरल स्वभाव, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए विशेष रूप से जाने जाते थे। उनके निधन को जनपद के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। इस दुःखद समाचार की पुष्टि उनके चचेरे भाई श्री रामाश्रय यादव द्वारा की गई। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version