सोशल मीडिया पर सांसद अफजाल अंसारी के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ हो कड़ी कार्रवाई -बिन्दु बाला बिन्द

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की नेत्री बिन्दु बाला बिन्द द्वारा आज पुलिस अधीक्षक, जनपद गाजीपुर को लिखित प्रार्थना-पत्र देकर सोशल मीडिया पर सांसद (लोकसभा) अफजाल अंसारी के विरुद्ध की गई आपत्तिजनक, अशोभनीय एवं मानहानिकारक टिप्पणियों के संबंध में तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। प्रार्थना-पत्र में अवगत कराया गया कि फेसबुक प्लेटफॉर्म पर दिनांक 11 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति द्वारा सांसद अफजाल अंसारी के खिलाफ अत्यंत अभद्र, गाली-गलौज एवं समाज में वैमनस्य फैलाने वाली टिप्पणियाँ की गईं, जिससे न केवल उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुँचाने का प्रयास हुआ, बल्कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भावनाएँ भी आहत हुईं। उक्त प्रकरण में पहले ही दिनांक 15 जनवरी 2026 को थाना कोतवाली व संबंधित साइबर क्राइम थाना, गाजीपुर में पीड़ित शिकायत संख्या 40019526001636 दर्ज कराई जा चुकी है, परंतु अब तक कोई प्रभावी विधिक कार्रवाई नहीं होने से असंतोष व्याप्त है। प्रार्थना-पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि उक्त कृत्य भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आईटी एक्ट की धाराओं के अंतर्गत संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है। संबंधित पोस्ट/टिप्पणी के स्क्रीनशॉट एवं यूआरएल साक्ष्य के रूप में संलग्न किए गए हैं। समाजवादी पार्टी की नेत्री बिन्दु बाला बिन्द पिछड़ा प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव एवं विभा पाल जिला अध्यक्ष महिला सभा, रीना यादव जिला महासचिव महिला सभा, पूजा गौतम जिला सचिव, ममता जिला सचिव महिला सभा आदि महिलाओ ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोषी व्यक्ति के विरुद्ध अविलंब मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि माननीय सांसद की प्रतिष्ठा, सामाजिक सौहार्द तथा कानून-व्यवस्था की रक्षा सुनिश्चित हो सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version