गाजीपुर। बहरियाबाद क्षेत्र के उदंती नदी पुल पर गुरुवार को स्कूल वैन और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि स्कूल वैन में सवार बच्चे और चालक सुरक्षित रहे।
घायलों की पहचान दिनेश (29 वर्ष) पुत्र सोमारू, निवासी बैरख, तथा उसके बहनोई गोलू (26 वर्ष) पुत्र जयप्रकाश, निवासी औराई कला, बलिया के रूप में हुई है। दोनों घायल बेहोशी की हालत में थे, जिन्हें ग्रामीणों की सहायता से एम्बुलेंस द्वारा सैदपुर CHC भेजा गया।
बाइक पर सवार तीसरा युवक मन्नू, पुत्र बंशी, निवासी जलालपुर धनी, जिसे दिनेश का चाचा बताया जा रहा है, को हल्की चोटें आईं और वह घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
हादसे में शामिल स्कूल वैन कृष्णा सन साइन कॉन्वेंट स्कूल, कादीपुर बहरियाबाद की थी, जो बच्चों को गहनी और उकरांव गांव छोड़ने जा रही थी। टक्कर से वैन का दाहिना अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही बहरियाबाद थानाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वैन तथा बाइक को कब्जे में ले लिया।
वैन चालक यशवंत सोनकर ने बताया कि वह और बच्चे बाल-बाल बच गए।
मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस के अनुसार, स्कूल वैन अपनी सही दिशा में जा रही थी, जबकि सामने से आ रही अनियंत्रित बाइक गलत दिशा से आकर वैन से टकरा गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बाइक सवार युवक नशे में धुत थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।


