गाजीपुर। मिशन लाइफ के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय बीकापुर, सदर गाजीपुर में ईको क्लब द्वारा “स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान चलाया गया। हरित शिक्षिका माधुरी यादव, सहयोगी संध्या श्रीवास्तव एवं प्रधानाध्यापक अजय कुमार के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने ग्राम पंचायत का भ्रमण कर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को साफ-सफाई के महत्व तथा खाद गड्ढे के प्रमुख लाभों के बारे में जागरूक किया। नन्हे प्रहरियों ने स्वच्छ वातावरण एवं स्वस्थ जीवन का संदेश देते हुए ग्रामीणों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने जैविक कचरे के उचित निस्तारण और खाद गड्ढे के उपयोग के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी मिन्हाज आलम की उपस्थिति रही। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से ग्रामीण समुदाय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा। इस संबंध में जानकारी गुणवत्ता समन्वयक शिवम कुमार श्रीवास्तव द्वारा दी गई।


