
गाजीपुर। जनपद के मरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा ताती (जमुवारी) में समाजसेवी अजीत सिंह (सोनू) के नेतृत्व में ऋण मोचन श्री हनुमान मंदिर की मूर्ति स्थापना के अवसर पर श्री राम यज्ञ का व संगीतमय श्री राम कथा का आयोजन किया गया है। इस आयोजन में पूरे गांव सभा के तरफ से 22 फरवरी को श्री यज्ञ की शुरुवात भव्य कलश यात्रा से किया गया। जिसमें हजारों की संख्या में विशाल जनसमूह में बच्चियों व महिलाएं कलश लेकर और बच्चे व पुरुष झंडे लेकर पूरे वातावरण को श्री राम मय कर दिए। इनके जयघोष से पूरा क्षेत्र श्री राम मय हो गया। इस कार्यक्रम के मुख्य सहयोगी समाजसेवी अभिषेक सिंह ने बताया कि इस पूरे कार्य क्रम का आयोजन हमारे आराध्य प्रभु शिव जी व हमारे गुरु श्री अभिराम दास जी जो श्री चरण पादुका आश्रम बद्रीनाथ धाम के महंत के आशीर्वाद से और पूरे क्षेत्र वासियों के सहयोग से ये कार्य क्रम किया जा रहा है। आयोजित श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठा, श्री राम यज्ञ एवं संगीतमय श्री राम कथा का रविवार को यज्ञ स्थल पर भव्य भंडारे के साथ विधिवत समापन हो गया। पूरे आयोजन के दौरान गांव में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।
22 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित संगीतमय श्री राम कथा में कथा वाचक पूज्य श्री मधुकर जी महाराज ने अपने ओजस्वी प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, भक्ति और धर्म के संदेशों को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया, जिसे सुनकर ग्रामवासी मंत्रमुग्ध हो उठे। समापन दिवस पर विधि-विधान से यज्ञ पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन की सफलता में समस्त ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी रही।
ग्रामीणों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से गांव में सामाजिक एकता, आपसी प्रेम और सांस्कृतिक जागरूकता को बल मिलता है। कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था, सजावट और सेवा कार्य में युवाओं व महिलाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सहयोगिके रूप में मरदह ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह आशुतोष पाण्डेय,दीपक सिंह,अनिल गुप्ता,चंदन पांडेय,शेष नाथ सिंह, आनंद कंद पांडेय सहित पूरे क्षेत्र वासियों का सहयोग सराहनीय रहा।



