गाजीपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत गाजीपुर जिले के 2119 शहरी गरीब परिवारों के लिए पक्के मकान का सपना साकार होने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त की राशि भेजी।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गाजीपुर के राइफल क्लब सभागार में किया गया, जहां बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने कार्यक्रम को देखा। जिला स्तरीय आयोजन में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है—हर गरीब को पक्का मकान। इसी सोच के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना देश के लाखों जरूरतमंद परिवारों के जीवन में स्थायित्व और सम्मान ला रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना सिर्फ मकान नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन की नींव है।
उन्होंने भाजपा की राजनीतिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि दो सदस्यों से शुरू हुई पार्टी आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों के कारण जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है, जिसका असर आने वाले चुनावों में साफ दिखाई देगा।

कार्यक्रम में भाजपा एमएलसी विशाल सिंह चंचल, जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार, सीआरओ आयुष चौधरी सहित डूडा विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में लाभार्थियों को योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आवश्यक दिशा-िर्देश भी दिए गए।
👉 सरकार की मंशा साफ—हर गरीब के सिर पर छत, हर परिवार को सम्मान।



