कड़कती ठंड में श्रीराम यादव की मानवता भरी पहल बेलहरा ग्राम सभा में 250 जरूरतमंदों को बांटे कंबल

जखनिया (गाजीपुर)। क्षेत्र की बेलहरा ग्राम सभा में कड़ाके की ठंड के बीच वरिष्ठ समाजसेवी श्रीराम यादव ने मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए जरूरतमंद, गरीब और असहाय लोगों को कंबल वितरित कर ठंड से राहत पहुंचाई। इस सेवा कार्य से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई और उनकी पहल की चारों ओर सराहना हो रही है।

ठंड के मौसम में जब गरीब और बेसहारा वर्ग सबसे अधिक परेशान होता है, ऐसे समय में श्रीराम यादव द्वारा किया गया यह कार्य सच्ची जनसेवा का प्रतीक बनकर सामने आया है। उल्लेखनीय है कि श्रीराम यादव पिछले 10 वर्षों से लगातार समाज सेवा में सक्रिय हैं और बिना किसी पद या स्वार्थ के ग्राम सभा के विकास एवं जनकल्याण में पूरी निष्ठा से योगदान दे रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि श्रीराम यादव हर वर्ष छठ पूजा के अवसर पर पोखरी पर माता-बहनों के लिए साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कराते हैं। इसके अलावा ग्राम सभा स्थित काली मंदिर की रंगाई-पुताई, धार्मिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई और संरक्षण का कार्य भी उनके द्वारा कराया जाता रहा है।

श्रीराम यादव ने बताया कि इसी सेवा भावना के तहत प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ढाई सौ (250) कंबलों का वितरण किया गया, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड से परेशान न हो। उन्होंने कहा कि “सेवा ही मेरा संकल्प है और जब तक जीवन है, समाज के लिए कार्य करता रहूंगा।”

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मकर संक्रांति के पावन अवसर पर ग्राम सभा में जरूरतमंदों के बीच चूड़ा, दही, तिलवा सहित अन्य सामग्री का वितरण किया जाएगा। इस वर्ष कंबल वितरण का कार्यक्रम भगवान शिव की शिव चर्चा के भव्य आयोजन के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, युवक एवं जरूरतमंद लोग शामिल हुए।

गौरतलब है कि श्रीराम यादव बेलहरा ग्राम सभा से भावी ग्राम प्रधान प्रत्याशी भी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जो व्यक्ति बिना किसी पद के वर्षों से निस्वार्थ सेवा कर रहा है, यदि उसे ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी मिलती है तो गांव का सर्वांगीण विकास और तेज गति से होगा।

इस अवसर पर राजाराम (राजापुर), शिवपूजन मौर्य, विक्रम मौर्य, खरवार, गुड्डू राम, बोध यादव, सरबजीत यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने श्रीराम यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे समाजसेवी ही गांव की सच्ची पहचान होते हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version