गाजीपुर के कनेरी में बंदरों का आतंक! मासूम समेत एक दर्जन से अधिक घायल, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के ग्राम कनेरी में इन दिनों आक्रामक बंदरों के झुंड ने आतंक मचा रखा है। बंदरों के हमलों में अब तक एक दर्जन से अधिक ग्रामीण घायल हो चुके हैं। ग्रामीणों में इस कदर दहशत है कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं प्रशासन की उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। *वाराणसी में चल रहा दो घायलों का इलाज*ग्रामीणों के अनुसार, दर्जनों की संख्या में बंदरों का झुंड गांव में घूम रहा है और राह चलते लोगों पर हमला कर रहा है। बंदरों के काटने से गांव निवासी युवराज सिंह पुत्र मनोज सिंह और 8 वर्षीय मासूम कान्हा सिंह पुत्र प्रदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों का उपचार वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इसके अलावा रणजीत सिंह, सोनम, पार्वती, मनोरमा, रमेश, सावित्री, पुनीता और सुरेन्द्र सहित कई अन्य ग्रामीण भी बंदरों के हमले में घायल हुए हैं।*स्कूली बच्चों में खौफ, मिड-डे मील पर भी हमला*बंदरों का आतंक केवल गलियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह झुंड आए दिन गांव के प्राथमिक विद्यालय में भी धावा बोल देता है। बंदर बच्चों के लिए बने मिड-डे मील का भोजन खा जाते हैं या बर्बाद कर देते हैं। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों और शिक्षकों में हर समय भय का माहौल बना रहता है।*शिकायत के बाद भी कार्रवाई शून्य*ग्रामीणों ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया है। कनेरी निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश सिंह, ग्राम प्रधान शिवबचन राजभर, शिवम सिंह, अवधेश सिंह, सहेंद्र राजभर, रामकृत राम, शिवशंकर जायसवाल और गोविन्द यादव आदि ने बताया कि बंदरों को पकड़वाने के लिए तहसील प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल तक शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक वन विभाग या प्रशासन की ओर से कोई टीम गांव में नहीं पहुंची है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब बंदरों को पकड़वाकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version