गाजीपुर। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार द्वारा पीएम स्वनिधि योजना का विस्तार सभी नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में कर दिया गया है। इस योजना का उद्देश्य नगर निकायों में व्यापार करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
योजना के तहत पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को चरणबद्ध तरीके से ऋण की सुविधा प्रदान की जाएगी। प्रथम चरण में 15,000 रुपये, द्वितीय चरण में 25,000 रुपये तथा तृतीय चरण में 50,000 रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। तृतीय ऋण की सफल वापसी के बाद लाभार्थियों को क्रेडिट कार्ड की सुविधा से भी लाभान्वित किया जाएगा।
डूडा विभाग ने बताया कि जनपद गाजीपुर के शहरी क्षेत्रों में व्यापार करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अपने संबंधित नगर निकाय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा), गाजीपुर कार्यालय में भी आकर आवेदन किया जा सकता है।
विभागीय अधिकारियों ने पात्र स्ट्रीट वेंडर्स से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन कर इस योजना का लाभ उठाएं और अपने व्यवसाय को सुदृढ़ बनाएं।



