गाजीपुर: दादर एक्सप्रेस की चपेट में आने से 32 वर्षीय महिला की मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

गाज़ीपुर। सादात रेलवे स्टेशन यार्ड के दक्षिण तरफ किलोमीटर संख्या 108 के पास बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ दादर एक्सप्रेस (डाउन) की चपेट में आने से एक 32 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान सादात नगर पंचायत के वार्ड नंबर दो निवासी पंकज कुमार की पत्नी साधना देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मृतका पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थी। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बुधवार की दोपहर करीब ढाई बजे जब दादर एक्सप्रेस ट्रेन गुजर रही थी, तभी महिला उसकी चपेट में आ गई। दुर्घटना के बाद सादात स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद ड्राइवर ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने मेमो भेजकर सादात पुलिस और औड़िहार आरपीएफ (RPF) को मामले से अवगत कराया। चूंकि घटनास्थल सैदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए सूचना मिलते ही सैदपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। सैदपुर कोतवाली प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका साधना देवी का पति पंकज कुमार मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण- पोषण करता है। साधना की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे तीन मासूम बच्चों किंजल, प्रांशी और छोटल को छोड़ गई है। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर परिजनों के साथ-साथ भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे मुहल्ले में इस घटना के बाद से मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version