गाजीपुर। ईशोपुर गांव में रविवार शाम महाशिवरात्रि के दिन मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दौलतपुर निवासी धर्मेंद्र राम (पुत्र महेंद्र राम) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घोंघवा निवासी धर्मेंद्र बनवासी और राजेश बनवासी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को एंबुलेंस से वाराणसी रेफर किया गया है, जिनमें धर्मेंद्र बनवासी की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र बनवासी और राजेश बनवासी शिवरात्रि का मेला देखने जा रहे थे। वहीं धर्मेंद्र राम सिधौना से दौलतपुर जाने के लिए बिहारीगंज की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान ईशोपुर के पास दोनों मोटरसाइकिलों में जोरदार टक्कर हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। ईशोपुर निवासी आयुष यादव ने घायलों की मदद करते हुए एंबुलेंस को सूचना दी। सिधौना पुलिस चौकी के इंचार्ज कमलभूषण राय मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
ग्रामीणों ने भी घायलों की सहायता में सक्रिय भूमिका निभाई। बिजली विभाग के लाइनमैन सूरज प्रजापति ने अपने साथियों के साथ राहत कार्य में सहयोग किया।



