गाजीपुर: मूर्ति विसर्जन के बाद तालाब में उतरे युवक की डूबकर मौत

गाजीपुर। गहमर थाना क्षेत्र के हथौरी गांव में सोमवार की दोपहर बाद सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। कई घंटों की तलाश के बाद उसका शव तालाब से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह हादसा हथौरी गांव स्थित रनवा पोखर तालाब में हुआ। मृतक की पहचान गांव निवासी दुखहरन यादव के 30 वर्षीय इकलौते पुत्र ओमप्रकाश यादव उर्फ तिवारी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओमप्रकाश अपने साथियों के साथ सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के लिए तालाब में उतरा था और इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया।

घटना की जानकारी होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल युवक की तलाश शुरू की, लेकिन काफी देर तक कोई सफलता नहीं मिली। घंटों की खोजबीन के बाद अंततः उसका शव तालाब से बाहर निकाला जा सका।

शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के चाचा एवं शिक्षक धनपाल यादव ने बताया कि ओमप्रकाश की शादी वर्ष 2018 में बिहार के राजपुर थाना क्षेत्र के खरिका गांव निवासी रीमा से हुई थी। उनका एक आठ वर्षीय पुत्र शिवम है। ओमप्रकाश की असामयिक मौत से पत्नी, पुत्र, माता बेचनी देवी और पिता दुखहरन यादव गहरे सदमे में हैं।

प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version