गाज़ीपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला राइफल क्लब में निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर व्यापारिक संगठन, बार एसोसिएशन, मेडिकल एसोसिएशन एवं श्रमिक संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान भी मौजूद रहे। बैठक में अर्हता तिथि 01.01.2027 के आधार पर चल रहे पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने बताया कि एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 17.11.2026 को होगा। दावे-आपत्तियां 17.11.2026 से 16.12.2026 तक ली जाएंगी। इनका निस्तारण 28.12.2026 तक होगा और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 04.01.2027 को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी संगठनों के सहयोग से कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे, यही लक्ष्य है। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी व्यापारिक संगठनों से मतदाता जागरूकता और पंजीकरण में बढ़-चढ़कर सहयोग की अपील की। चिकित्सक संघों, निजी चिकित्सालयों, नर्सिंग होम व चिकित्सा संस्थानों से कहा गया कि वे विशेष शिविर लगाकर मलिन बस्तियों व दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों का पंजीकरण कराएं। जिला बार एसोसिएशन, तहसील बार एसोसिएशन व अन्य अधिवक्ता संगठनों के सहयोग से न्यायालय परिसरों व अधिवक्ता संघ भवनों में भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि दावे-आपत्तियों की अवधि में चार विशेष अभियान दिवस रखे गए हैं। ये अभियान 21 नवंबर शनिवार, 22 नवंबर रविवार, 28 नवंबर शनिवार तथा 29 नवंबर रविवार को चलेंगे। मतदाता ऑनलाइन पंजीकरण के लिए https://voters.eci.gov.in पोर्टल व ECINET ऐप का भी प्रयोग कर सकते हैं।


