गाजीपुर। जिला खेल कार्यालय गाजीपुर एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का भव्य उद्घाटन राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत बिंद के कर-कमलों द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह के अवसर पर खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार, सांसद खेल महोत्सव के संयोजक राजन प्रजापति, साधना राय, लालसा भारद्वाज, कु. प्रीति गुप्ता, रासबिहारी राय, संतोष जायसवाल, मुन्ना राय, खो-खो संघ के सचिव विपिन बिहारी राय तथा एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत जिला क्रीड़ा अधिकारी अरविंद यादव द्वारा किया गया।
उद्घाटन समारोह के दौरान सांसद डॉ. संगीता बिंद ने राष्ट्रीय स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया तथा भविष्य में गाजीपुर में खेलों के विकास के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत खो-खो बालिका वर्ग, एथलेटिक्स बालक एवं बालिका वर्ग, फुटबॉल बालक एवं बालिका वर्ग तथा क्रिकेट बालक एवं बालिका वर्ग की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 500 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
खो-खो प्रतियोगिता में कुल पांच टीमों ने हिस्सा लिया। सीनियर बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला सदर बनाम जंगीपुर के बीच खेला गया, जिसमें सदर की टीम ने 13-11 अंकों से जीत दर्ज की। जूनियर बालिका वर्ग के फाइनल में सदर ने सैदपुर को 15-06 अंकों से पराजित किया। वहीं सब-जूनियर बालिका वर्ग में भी सदर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
फुटबॉल प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने प्रतिभाग किया। जूनियर बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में सदर और जंगीपुर की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें सदर की टीम ने 15-10 अंकों से विजय हासिल की। सांसद खेल महोत्सव के आयोजन से जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला और खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह और बढ़ा।






