गाजीपुर । यूपी बोर्ड की परीक्षा के दौरान 6 मुन्ना भाइयों को दूसरे की जगह परीक्षा देते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया है। दरअसल, प्रथम पाली में हाईस्कूल गणित की परीक्षा सकुशल संपन्न हुई, लेकिन दूसरी पाली में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान की परीक्षा के दौरान सैदपुर तहसील क्षेत्र के भीतरी सियावां स्थित आदर्श इंटर कॉलेज सियावां भीतरी सैदपुर में बड़ा खुलासा हुआ। केंद्र व्यवस्थापक और वाह्य केंद्र व्यवस्थापक की सक्रियता से छह छद्म परीक्षार्थियों को दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ लिया गया। इस पूरे मामले की सूचना तत्काल जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह को दी गई। डीआईओएस के निर्देश पर सभी पकड़े गए मुन्ना भाइयों के खिलाफ परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। डीआईओएस प्रकाश सिंह ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक हाईस्कूल के करीब 6000 और इंटरमीडिएट के लगभग 5500 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त निगरानी में परीक्षा केंद्रों पर सख्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, और पकड़े जाने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है और प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नकल या फर्जीवाड़ा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



