गाजीपुर। जंगीपुर थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव के पास मंगलवार सुबह करीब 7 बजे सड़क हादसा हो गया। साइकिल से स्कूल जा रही 12 वर्षीय छात्रा को एक JCB ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा के पैर में चोट आई है। उसे उपचार के लिए मऊ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घायल छात्रा की पहचान आंशिक (12) के रूप में हुई है। वह मदारपुर (दधिया) निवासी आनंद कुमार राम की बेटी है। परिजनों के मुताबिक, छात्रा सुबह साइकिल से स्कूल जा रही थी, तभी मदारपुर गांव के पास यह हादसा हुआ।
घटना के बाद JCB चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने JCB को गांव में ही रोककर खड़ा कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, JCB समनापुर की बताई जा रही है। हालांकि, वाहन के मालिक के संबंध में अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व परिजनों से जानकारी ली। पुलिस हादसे के कारणों और चालक के बारे में पता लगाने के लिए जांच कर रही है।


