
गाजीपुर । आबकारी विभाग तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शासन तथा आबकारी आयुक्त उ0प्र0 के आदेश के अनुपालन में जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन में चलाये जा रहे अवैध शराब के विरूद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान के अन्तर्गत एक ट्रक संख्या-RJ17GA 7754 की रोड चेकिंग के दौरान नसीरपुर बेलवा मोड़ के पास (थाना-कोतवाली) चेकिंग की गयी तो पाया गया कि उसके अन्दर मैकडावल न0-1 तथा इम्पिरियल ब्लू ब्राण्ड की विदेशी मदिरा की कुल 617 पेटियां रखी हुई थी, जिसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपया बताई जा रही है जो बिहार राज्य के लिए ले जायी जा रही थी। विदेशी मदिरा की शीशियों पर फॉर सेल इन पंजाब लिखा हुआ था तथा पंजाब राज्य की डिस्टिलरी में निर्मित थी। गाड़ी चालक मौके का फायदा उठाकर अन्धेरे में भाग गया। शराब तस्करों द्वारा बिहार राज्य के लिए ले जायी जा रही शराब को बिहार राज्य में इस्तेमाल किये जा रहे स्कैनर से बचने के लिए ट्रक की बाडी के अन्दर साइड में लकड़ी से खोखली जगह बनाकर उसमें चिप्स कुरकुरे आदि के पैकेट गत्ते में पैक कर भर दिये थे जिससे स्कैन करने पर शराब की शीशियों की एक्सरे छवि न दिखायी पड़े तथा चिप्स की छवि दिखायी पड़े और बचा जा सके। इसी प्रकार ट्रक के पीछे के भाग में पेटियों के पश्चात् एक दीवार जैविक खाद की बोरियों से बना दी गयी थी तथा लड़की की दीवार के उपर के भाग में भी जैविक खाद की बोरियों से एक दीवार बना दी गयी थी ताकि स्कैनिंग जांच को धोखा दिया जा सके तथा बचा जा सके। ड्राईवर द्वारा गाडी को डिजिटली लाक कर दिया गया था जिससे गाडी स्टार्ट नही हो सकी।गाड़ी में पायी गयी आर0सी0 में मोटर वाहन स्वामी का नाम बालू सिंह सिसोदिया पुत्र देव सिंह पता-53 गुज्जरों का शेर बरखेड़ा खुर्द, झालावाड़, राजस्थान अंकित पाया गया। मोटर स्वामी तथा फरार अज्ञात वाहन चालक के विरूद्ध आबकारी अधिनियम तथा बी0एन0एस0 की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत कराया जा रहा है।




