गाजीपुर। छठ महापर्व के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न छठ घाटों का बोट द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था,साफ- सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आवागमन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं आमजन से संवाद करते हुए अपील की कि छठ पूजा के दौरान विशेष सावधानी बरतें तथा गहरे पानी में जाने से बचें। बच्चों को अकेले नदी या तालाब के किनारे न जाने दें और उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान एवं पूजा-अर्चना करें तथा प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सतर्कता के साथ ड्यूटी करें। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, गोताखोरों एवं बचाव दल की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि आपसी सहयोग, सावधानी एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए इस पावन पर्व को श्रद्धा, उल्लास और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, एसडीएम सदर,नगर पालिका ईओ, के साथ सभासद एवं संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


