जखनिया। जखनिया विधानसभा क्षेत्र के सभी पांचों मंडलों में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने दौरा कर मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गति दी। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक बूथ पर नए मतदाताओं के नाम बढ़ाने, मैपिंग में छूटे पात्र मतदाताओं के फार्म भरवाने तथा अवैध नामों को कटवाने के लिए मंडल अध्यक्षों, पार्टी कार्यकर्ताओं और बीएलए-2 से संपर्क कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भानु प्रताप सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर एसआईआर अभियान के अंतर्गत जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची में छूट गए हैं, उन्हें जुड़वाने का कार्य करें। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को फार्म-6 भरवाकर अधिक से अधिक नए मतदाता बनाने का प्रयास करें, ताकि वे देशहित और राष्ट्रहित में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जखनिया विधानसभा के मंडल मनिहारी प्रथम में ग्राम सभा रसूलपुर के बूथ संख्या 365/366, ग्राम सभा अरिला के बूथ संख्या 360/361, ग्राम सभा मोहब्बतपुर के बूथ संख्या 354/355 तथा ग्राम सभा जखनिया के बूथ संख्या 240/241 एवं 242/243 पर बूथ अध्यक्षों और बीएलए-2 के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठकों में मतदाता सूची को शुद्ध व अद्यतन बनाने तथा नए मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर विशेष चर्चा की गई।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मतदाता सूची की जांच कर पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और अपात्र नामों को हटवाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, जिससे निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित हो सके।



