दिलदारनगर (गाजीपुर)। नगर पंचायत दिलदारनगर क्षेत्र में जल मूल्य एवं हाउस टैक्स का बकाया जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 23 लाख रुपये से अधिक की बकाया राशि लंबित है, जिसकी वसूली के लिए कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की गई है।
नगर पंचायत दिलदारनगर में कुल 680 जल कनेक्शन धारक हैं, जिन पर करीब 7.95 लाख रुपये का जल मूल्य बकाया है। वहीं हाउस टैक्स के अंतर्गत 1950 करदाताओं पर लगभग 15 लाख रुपये की राशि बकाया चल रही है। बकाया वसूली को प्रभावी बनाने के लिए नगर पंचायत ने कर्मचारियों की टीम तैनात कर दी है।
टीम द्वारा प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर-घर जाकर बकाया कर की वसूली की जाएगी, ताकि नगर निकाय की आय में वृद्धि हो और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल सके।
नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल ने बताया कि जल मूल्य एवं हाउस टैक्स की बकाया राशि को सख्ती से वसूलने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बकाया राशि जमा होने से नगर के विकास कार्यों में तेजी आएगी और नागरिक सुविधाओं को और बेहतर किया जा सकेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा है कि नगर निकाय अपनी आय के नए स्रोत विकसित करें तथा बकाया शुल्कों की समय से वसूली सुनिश्चित करें। बकाया राशि के जमा होने से ही नगर पंचायत आत्मनिर्भर बन सकेगी।



