गाजीपुर। रबी अभियान के अंतर्गत राजकीय कृषि बीज गोदामों से बीज उठान को लेकर जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने जनपद के चयनित कृषकों से निर्धारित समयावधि में बीज प्राप्त करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित तीन दिवस के भीतर बीज का उठान नहीं करने वाले चयनित कृषकों का चयन निरस्त कर प्रतीक्षारत एवं नए किसानों को बीज प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी ने अवगत कराया कि कृषि विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा अक्टूबर माह से प्रारंभ रबी अभियान के अंतर्गत जनपदवार बीज का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष जनपद को गेहूँ 19,249.00 कुंतल (प्रजाति DBW-327, DBW-303, DBW-222 एवं DBW-187), चना 1,225.08 कुंतल (प्रजाति RVG-204 एवं BG-3062), मटर 70.00 कुंतल (प्रजाति HFP-1428), मसूर 896.96 कुंतल (प्रजाति L-4729) तथा सरसों 40.00 कुंतल (प्रजाति गिरिराज) का बीज बुकिंग हेतु आवंटित किया गया था। उक्त बीज के सापेक्ष किसानों द्वारा शत-प्रतिशत ऑनलाइन बुकिंग कराई गई थी। उन्होंने बताया कि किसानों की बुकिंग के सापेक्ष राजकीय बीज गोदामों पर बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करा दी गई है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में ऐसे कृषक बीज प्राप्त करने के लिए गोदामों पर पहुंच रहे हैं, जिनकी बुकिंग नहीं हो सकी है। वहीं, विभागीय कर्मचारियों द्वारा दूरभाष के माध्यम से संपर्क किए जाने तथा पूर्व में प्रेस विज्ञप्ति के जरिए सूचित किए जाने के बावजूद कुछ चयनित कृषकों द्वारा अभी तक राजकीय बीज गोदामों से बीज प्राप्त नहीं किया गया है। जिला कृषि अधिकारी ने समस्त कृषक भाइयों से अपील की है कि जिनका चयन ऑनलाइन बुकिंग, ई-लॉटरी अथवा ऑटो-कन्फर्म के माध्यम से हुआ है, वे तत्काल अपने संबंधित राजकीय बीज गोदाम से तीन दिवस के भीतर आवंटित बीज प्राप्त कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में बीज का उठान नहीं करने वाले कृषकों का चयन निरस्त कर दिया जाएगा तथा उनके स्थान पर अन्य प्रतीक्षारत एवं नए कृषकों की बुकिंग कराकर बीज का वितरण किया जाएगा। निर्धारित समय में बीज प्राप्त नहीं करने की स्थिति में संबंधित कृषक स्वयं उत्तरदायी होंगे। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समयसीमा का पालन करते हुए अपने आवंटित बीज का समय से उठान सुनिश्चित करें, जिससे रबी फसलों की बुवाई में किसी प्रकार की असुविधा न हो।


