गाजीपुर। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तृतीय शनिवार को तहसील मुहम्मदाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 126 शिकायतें/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनमानस की शिकायतों को गंभीरता से सुना और कई मामलों में त्वरित कार्रवाई कराई। उन्होंने विशेष रूप से पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर भूमि विवाद एवं आपसी विवादों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
जिले की सातों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की समीक्षा में कुल 342 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
- तहसील सदर: 46 में से 7
- कासिमाबाद: 23 में से 4
- जमानियां: 28 में से 3
- जखनियां: 49 में से 3
- सैदपुर: 21 में से 2
- सेवराई: 49 में से 5 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सभी लेखपालों को निर्देशित किया कि छोटी-छोटी समस्याओं का तत्काल समाधान करें, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े और प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हो।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



