गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने महाराजगंज मोहांव वाली गली तथा सनबीम स्कूल के पास वाईकेआर कॉलोनी में दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और हजारों रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराजगंज मोहांव वाली गली निवासी सोनू जायसवाल अपने परिवार के साथ 31 दिसंबर को अयोध्या धाम दर्शन के लिए गए हुए थे। इसी दौरान गुरुवार की रात चोरों ने उनके घर के मेन गेट का ताला काटकर भीतर प्रवेश किया। चोरों ने आलमारी और बक्से का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी चुरा ली।
चोरी गए सामान में सोने की अंगूठी, दो मंगलसूत्र, सुई-झागा, कुंडल, सोने की चेन, नथुनी, सोने का चंद्रमा, पायल, नाथिया, वीडियो रिकॉर्डिंग कैमरा, बैटरी, स्मार्ट वॉच, हेडफोन सेट सहित लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद शामिल बताए जा रहे हैं।

वहीं दूसरी घटना सनबीम स्कूल के पास स्थित वाईकेआर कॉलोनी में अभय कुमार गौतम के घर की है, जहां चोरों ने ताला तोड़कर घर में घुसते हुए गले का हार, मंगलसूत्र, सोने का कंगन, अंगूठी, पायल, बिछिया, करधनी सहित 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
इसके अलावा, बुधवार की रात चोरों ने भाजपा नेता अच्छेलाल गुप्ता के विद्यालय में भी सेंध लगाकर लैपटॉप सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।
घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल व छानबीन में जुट गई है। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की नियमित गश्त न होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं, जिससे आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।




