पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोली
गाजीपुर। जिला कारागार से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश लाल बाबू मौर्या को मरदह और बिरनो थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई गोविंदपुर कीरत के पास की गई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में घुटने के नीचे गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि 9 जनवरी को चोरी और अवैध हथियार के मामले में गिरफ्तारी के बाद जब लाल बाबू मौर्या को जिला कारागार में दाखिल कराया जा रहा था, तभी वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित करते हुए विशेष टीमें गठित की गई थीं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार लाल बाबू मौर्या पर कासिमाबाद और मरदह थानों में मारपीट, चोरी, धमकी समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का इलाज चल रहा है और उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



