गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के टाड़ा तड़बनवा स्थित एक मकान में रविवार सुबह पीजी कॉलेज के बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र कृष्णकांत कुमार भारती (21) का शव मिलने से परिवार में शोक छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।कृष्णकांत पिछले करीब 10 वर्षों से शहर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह अपने भाई-बहन के साथ निजी मकान में रहता था। छठ पर्व की छुट्टी में परिवार के अन्य सदस्य पैतृक गांव गए हुए थे। बताया गया कि पढ़ाई प्रभावित होने की चिंता के चलते कृष्णकांत तीन दिन पहले ही गांव से शहर लौट आया था।रविवार सुबह करीब 10 बजे तक उससे संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने फोन किया। कई बार कॉल करने के बावजूद जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसके पिता रमेश चंद और चाचा रामनंद मकान पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने पर परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो कृष्णकांत कमरे में मृत अवस्था में मिला.परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमरे से छात्र का बंद मोबाइल फोन भी मिला।कृष्णकांत के पिता रमेश चंद मरदह ब्लॉक में ग्राम पंचायत सचिव हैं। परिवार जंगीपुर थाना क्षेत्र के सरौली उर्फ पहेतिया गांव का निवासी है।सीओ सिटी अनिल कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है


