गाजीपुर। शहर के कचहरी रोड पर सरकारी नल के पाइप में लीकेज होने के कारण पिछले करीब एक महीने से लगातार पानी बहकर बर्बाद हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस समस्या के बावजूद अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी की नजर इस ओर नहीं पड़ी है। एक तरफ सरकार और प्रशासन लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील करते हैं, वहीं दूसरी तरफ सरकारी पाइप से लगातार पानी बहकर बर्बाद हो रहा है। स्थानीय लोगों के मन में सवाल है कि आखिर इस लापरवाही की जिम्मेदारी किसकी है?
सबसे हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से जिलाधिकारी कार्यालय महज 200 मीटर और नगर पालिका कार्यालय भी नजदीक है। इसी रास्ते से प्रतिदिन तमाम अधिकारी और कर्मचारी गुजरते हैं, लेकिन किसी ने अब तक पाइप की मरम्मत कराने की जहमत नहीं उठाई।अब सवाल यह है कि जब जिला मुख्यालय के प्रमुख मार्ग पर एक महीने से सरकारी पानी बर्बाद हो रहा है, तो दूरदराज के इलाकों में जल संरक्षण और पाइपलाइन व्यवस्था की निगरानी कैसे होती होगी? आखिर जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कब ध्यान देंगे और पानी की बर्बादी कब रुकेगी
जनहित का सवाल: आखिर सरकारी पानी की इस बर्बादी पर जिम्मेदारी कौन लेगा?


