
गाजीपुर। होली-रमजान और ईरान वार को देखते जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। डीएम अविनाश कुमार और एसपी डॉ. इरज राजा ने आज देर शाम भारी पुलिस बल के साथ शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों व रेलवे स्टेशन पर पैदल रूट मार्च कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ऐसा रूट मार्च पूरे जनपद में थानावार और तहसील वार किया जा रहा है, रूट मार्च के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया और आम जनता से शांति व सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।डीएम अविनाश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री जी का स्पष्ट निर्देश है कि होली के मद्देनज़र विशेष सतर्कता बरती जाए। पूरे जनपद की हर तहसील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस और एसडीएम अलर्ट मोड पर हैं। उन्होंने आगे कहा कि त्योहारों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और जनता को सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से शहर में रूट मार्च किया जा रहा है। शासन-प्रशासन हर हाल में कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है। ईरान युद्ध से जुड़े सवाल पर डीएम ने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहना है, लेकिन प्रशासन हर स्थिति में शांति बनाए रखने के लिए तैयार है। वहीं एसपी डॉ. इरज राजा ने कहा कि त्योहारों और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने तेज आवाज में डीजे बजाने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भड़काऊ गाने या ज्यादा तेज आवाज में डीजे बजाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और डीजे जब्त भी किया जाएगा। साथ सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्यवाही भी की जाएगी। साथ ही अराजक तत्वों को चेतावनी देते हुए एसपी गाजीपुर ने कहा कि त्योहारों में माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। रूट मार्च के दौरान अधिकारियों ने जनता से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि जिला व पुलिस प्रशासन हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा है और त्योहारों को सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है।



