दिव्यांगजनों को कंबल वितरण में अनियमितता, प्रशासन पर उदासीनता के गंभीर आरोप

गाजीपुर। शीतकाल में दिव्यांगजनों को राहत देने के उद्देश्य से कंबल वितरण का प्रशासन द्वारा पूर्व में आश्वासन दिया गया था। इसी क्रम में दिनांक 29 दिसंबर 2025 को तहसीलदार द्वारा यह जानकारी दी गई कि मंगलवार को शाम पांच बजे सभी दिव्यांगजनों को कंबल वितरित किए जाएंगे।

इसके तहत 31 दिसंबर 2025 को कासिमाबाद के माध्यम से नायब तहसीलदार को सूचना दी गई और सभी दिव्यांगजनों को जिला अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ चित्ता सिंह के कार्यालय पर एकत्र किया गया। सभी लोग समय से उपस्थित रहे, लेकिन न तो कंबल वितरित किए गए और न ही प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी दी गई।

बाद में तहसील कार्यालय से यह कहकर पल्ला झाड़ लिया गया कि कंबल समाप्त हो गए हैं और बाद में वितरण किया जाएगा, लेकिन आज तक कोई कंबल वितरित नहीं किया गया। आरोप है कि जब संगठन द्वारा गोरखपुर जाकर उच्च अधिकारियों से मिलने का निर्णय लिया गया, तो उसी रात लगभग दस बजे से पुलिस द्वारा संबंधित लोगों को घर पर नजरबंद कर दिया गया।

प्रशासन की इस उदासीनता से आहत होकर 01 जनवरी 2026 को सभी दिव्यांगजनों और संगठन के पदाधिकारियों ने शादीपुर चौराहे पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। बावजूद इसके शाम चार बजे तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर उनकी समस्या नहीं सुनी।

अब विवश होकर संगठन ने निर्णय लिया है कि अपनी पीड़ा और मांगों को सीधे माननीय मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा, ताकि दिव्यांगजनों को उनका अधिकार और शीतकालीन राहत मिल सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version