पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की मुख्य विकास अधिकारी ने की समीक्षा, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के दिए निर्देश

गाजीपुर। पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा हेतु आज दिनांक 21 नवम्बर 2026 को रायफल क्लब सभागार, कलेक्ट्रेट गाजीपुर में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत सोलर पैनल स्थापना, ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बैंकों में लंबित ऋण वितरण (Disbursal) के प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया कि सभी लंबित ऋण वितरण की कार्यवाही आगामी 07 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाए। उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक (बैंक) को निर्देशित किया कि बैंकर्स एवं वेंडर्स के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबे समय से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही जिन उपभोक्ताओं के ऋण की धनराशि बैंक द्वारा वितरित की जा चुकी है, उनके यहां प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सोलर पैनल स्थापित कराया जाए। बैठक में परियोजना अधिकारी, यूपीनेडा गाजीपुर द्वारा अवगत कराया गया कि माह अक्टूबर 2026 के निर्धारित 595 सोलर प्लांट स्थापना के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 243 सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने शेष लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं वेंडर्स को निर्देशित किया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक (बैंक) श्री राजदेव कुमार, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा श्री सच्चिदानन्द तिवारी, समस्त नोडल अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारीगण एवं जनपद के पंजीकृत वेंडर्स उपस्थित रहे। अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version