पुलिस,सीआईएसएफ, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा मित्रों की टीम ने संयुक्त रूप से किया अभ्यास

गाजीपुर। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गाजीपुर के तत्वावधान में रविवार मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी, पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश मिश्रा, प्रबंधक अफीम फैक्ट्री रजत तिवारी. असिस्टेंट कमांडेंट सी आई एस एफ गोविन्द नारायन मीणा एवं अन्य अधिकारियो की गरिमामयी उपस्थिति में शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाना, कचहरी रोड, गाजीपुर में युद्धकालीन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से वृहद ‘एयर रेड एवं सिविल डिफेंस मॉकड्रिल’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। सायं 5:30 बजे से 6:30 बजे तक चले इस संयुक्त अभ्यास में संभावित हवाई हमले, ब्लैकआउट, आगजनी, बमबारी तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य युद्ध अथवा किसी अन्य आकस्मिक आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन, पुलिस, नागरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न एजेंसियों एवं स्वयंसेवी संगठनों की तत्परता, आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना तथा आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना रहा। मॉकड्रिल के दौरान सायं 6:00 बजे सीआईएसएफ बटालियन द्वारा मॉक सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी गई। चेतावनी मिलते ही विद्युत विभाग द्वारा निर्धारित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट का अभ्यास कराया गया। इस दौरान युद्धकालीन परिस्थितियों में प्रकाश के माध्यम से संभावित लक्ष्य की पहचान रोकने के उद्देश्य से घरों एवं प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद रखने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। नागरिकों को मोबाइल फोन की रोशनी एवं अन्य प्रकाश स्रोतों का अनावश्यक उपयोग न करने के संबंध में भी जागरूक किया गया। सायं 6:10 बजे ऑल क्लियर सायरन बजने के बाद बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास शुरू किया गया। पुलिस बल, नेहरू युवा केंद्र (एनवाईके) के प्रतिनिधियों एवं आपदा मित्रों की टीम द्वारा क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा उन्हें निर्धारित सुरक्षित स्थानों एवं शरणालयों तक पहुंचाने का सजीव प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से आपातकालीन स्थिति में त्वरित रेस्क्यू, सुरक्षित निकासी एवं प्रभावित व्यक्तियों को समय से सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।अग्निशमन विभाग एवं नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों द्वारा आगजनी की घटनाओं पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाने के लिए अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और आग बुझाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस सोसाइटी की टीमों द्वारा घायलों की स्थिति के अनुसार टैगिंग, प्राथमिक उपचार तथा गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। मॉकड्रिल में रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं न्यूक्लियर (CBRN) आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने तथा बमबारी के दौरान सुरक्षित रहने के उपायों की भी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा नागरिकों को बताया गया कि हवाई हमले की चेतावनी मिलने पर खुले स्थानों से दूर रहें, सुरक्षित स्थान पर शरण लें, जमीन पर लेटकर सिर को हाथों, तकिये अथवा बैग से ढकें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। मॉकड्रिल के समापन पर मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी ने अभ्यास में प्रतिभाग करने वाले सभी विभागों, सुरक्षा बलों एवं स्वयंसेवी संगठनों के अधिकारियों और कर्मचारियों के आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संयुक्त अभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा बचाव एवं राहत कार्यों की प्रभावशीलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस वृहद संयुक्त मॉकड्रिल में आपदा विशेषज्ञ, सीआईएसएफ बटालियन, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, सूचना विभाग, स्थानीय नगर निकाय, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र (एनवाईके), रेडक्रॉस सोसाइटी, भारत स्काउट एवं गाइड, नवयुवक मंगल दल, सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों तथा आपदा मित्रों ने सक्रिय सहभागिता की। मॉकड्रिल के सफल आयोजन से जनपद में आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा किसी भी संभावित आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण अभ्यास किया गया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version