पुलिस ने गौवंश तस्करी का किया खुलासा, तीन अभियुक्त गिरफ्तार

गाजीपुर। जमानिया कोतवाली पुलिस ने गौवंश तस्करी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिकअप वाहन और तीन गोवंश बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई। रविवार की भोर लगभग 1:30 बजे पुलिस टीम ने ग्राम रामपुर दरौली पुलिया के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सन्नी उर्फ शनी यादव (27) निवासी दौदही, अजय कुमार बिंद (22) निवासी हरखुपुर थाना नंदगंज तथा मनोज यादव (40) निवासी हरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन, एक गाय और दो बछिया बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली जमानिया में गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक राम सरन नागर ने बताया कि तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में स्टेशन चौकी प्रभारी अश्वनी प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, हेड कांस्टेबल सूरज कुमार, कांस्टेबल बृजेश यादव एवं कांस्टेबल आलोक तिवारी शामिल रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version