बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, खेत में सिंचाई के दौरान सिविल इंजीनियर की मौत

गाज़ीपुर। सैदपुर नगर क्षेत्र के परसनी गांव में शनिवार को ठंड लगने से एक युवा सिविल इंजीनियर की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह खेत में गेहूं की फसल की सिंचाई कर रहा था। मृतक की पहचान अखिलेश विश्वकर्मा (35) पुत्र गणेश प्रसाद विश्वकर्मा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अखिलेश सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तलाश कर रहा था और साथ ही परिवार की खेती-बाड़ी में भी हाथ बंटाता था। शनिवार दोपहर वह अपने खेत में पानी लगा रहा था। इसी दौरान तेज पछुआ हवा और भीषण ठंड के कारण उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह खेत में ही अचेत होकर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। अखिलेश पांच भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी समता, (6) वर्षीय पुत्र विभू और (4) वर्षीय पुत्री रानी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version