जमानियां। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाला मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है। मेले का मुख्य उद्देश्य नगर कस्बा, ग्रामीण एवं वंचित तबके के लोगों को निःशुल्क परामर्श, जांच, दवाएं तथा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना है।
केंद्र प्रभारी डॉ. रुद्रकांत सिंह के निर्देशन में आयोजित इस मेले में चिकित्सक डॉ. देवेंद्र कुमार एवं महिला चिकित्सक डॉ. श्वेता द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया तथा निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। बताया गया कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला प्रत्येक रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाता है।
मेले के अंतर्गत बुखार, जुकाम, खांसी, मधुमेह, उच्च रक्तचाप (बीपी), चर्म रोग सहित अन्य मौसमी बीमारियों का निःशुल्क इलाज किया जाता है। इसके साथ ही आयुष चिकित्सा, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को भी बढ़ावा दिया जाता है।
हालांकि कड़ाके की ठंड के कारण मेले में मरीजों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। सुबह 10:50 बजे तक कुल 35 मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार कराया। स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में मोहित कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहे।
मेले के माध्यम से आम जनता को सुलभ, मुफ्त एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।




