गाजीपुर। मिर्जापुर स्थित डाकघर में केवाईसी कराने पहुंची एक छात्रा से डाक कर्मचारी द्वारा छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर छात्रा घर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने स्वजन को दी।
घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी कर्मचारी फरार हो चुका था। इसके बाद पीड़िता के स्वजन बहरियाबाद थाने पहुंचे और लिखित तहरीर दी, हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की थी।
जानकारी के अनुसार, सादात थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा का खाता बहरियाबाद क्षेत्र के मिर्जापुर डाकघर में है। खाते से धन निकासी न होने के कारण वह पिछले एक महीने से डाकघर के चक्कर काट रही थी। वहां तैनात कर्मचारी ने केवाईसी कराने की सलाह दी थी।
छात्रा ने केवाईसी के लिए सभी जरूरी कागजात जमा कर दिए, लेकिन कर्मचारी लगातार आज-कल कहकर उसे टालता रहा। शुक्रवार दोपहर जब छात्रा दोबारा डाकघर पहुंची तो कर्मचारी ने सर्वर न चलने का बहाना बनाकर उसे बैठाए रखा। आरोप है कि डाकघर में अकेला पाकर कर्मचारी ने उसे दूसरे केबिन में बुलाया और छेड़छाड़ करने लगा।
घबराई छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि आरोपी कर्मचारी फरार बताया जा रहा है।



