गाजीपुर। भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के मंशानुरूप जनपद गाजीपुर में ‘‘उल्लास – नव भारत साक्षरता कार्यक्रम‘‘ ( ULLAS & New India Literacy Programme ) के अंतर्गत बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा ( Foundational Literacy and Numeracy Assessment Test ) का शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित माहौल में सफल आयोजन संपन्न हुआ। जनपद के विभिन्न परिषदीय एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर नव-साक्षरों ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। 15 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के वे सभी शिक्षार्थी, जिन्होंने स्वयंसेवी शिक्षकों ( Volunteers) के माध्यम से बुनियादी पठन-पाठन और संख्यात्मक ज्ञान अर्जित किया था, इस मूल्यांकन परीक्षा में सम्मिलित हुए। परीक्षा केंद्रों पर महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में साक्षर होने को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। दैनिक जीवन में जोड़-घटाना, नाम लिखना, सरल वाक्य पढ़ना और डिजिटल साक्षरता से जुड़े प्रश्नों को हल करते समय परीक्षार्थियों के चेहरों पर संतोष और गर्व का भाव स्पष्ट नजर आया। जनपद स्तर से गठित सचल दलों, खंड शिक्षा अधिकारियों एवं जिला समन्वयकों द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहीं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा के सफल संचालन पर सभी केंद्र व्यवस्थापकों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवी शिक्षामित्रों/अनुदेशकों/नोडल प्रभारियों को बधाई देते हुए कहा कि ‘‘उल्लास‘‘ कार्यक्रम न केवल अक्षर ज्ञान कराता है, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को वित्तीय, डिजिटल और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। परीक्षा उपरांत उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन और मूल्यांकन के पश्चात उत्तीर्ण शिक्षार्थियों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान ( NIOS) एवं शिक्षा मंत्रालय द्वारा प्रमाणित प्रमाण पत्र निर्गत किए जाएंगे।



