रेवतीपुर थाना क्षेत्र के ताड़ीघाट गांव में गुरुवार देर रात एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार ताड़ीघाट निवासी 26 वर्षीय राजू यादव गांव में आयोजित एक तेहरवी कार्यक्रम से लौटकर घर जा रहे थे। घर से करीब 150 मीटर पहले गांव के उत्तरी छोर पर कुछ युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि हमलावरों ने तमंचे से राजू यादव पर फायर झोंक दिया। गोली उनके सिर के दाहिने हिस्से को छूते हुए निकल गई, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े।गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। परिजन और ग्रामीण घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है।सूचना मिलते ही सीओ अनिल कुमार, थानाध्यक्ष कमलेश कुमार तथा एसओजी टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर शत्रुघ्न उर्फ बुद्धन, दुर्गा सिंह उर्फ गांधी, हिमांशु सिंह और मनीष सिंह उर्फ राहुल के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।



