बिरनो थाना क्षेत्र के पलिया गांव की घटना, खेत में शौच के दौरान बिगड़ी तबीयत
गाजीपुर। बिरनो थाना क्षेत्र के पलिया गांव में अत्यधिक ठंड की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान पलिया गांव निवासी 35 वर्षीय चंद्रमा गौड़ पुत्र राधेश्याम गोंड के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, चंद्रमा गौड़ रोज की तरह तड़के सुबह खेत में शौच के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक अत्यधिक ठंड के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और खेत में ही उनकी मौत हो गई।
काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। इसी बीच खेत में पानी भर रहे एक अन्य किसान ने उनका शव खेत में पड़ा देखा। पहचान होने पर उसने तुरंत परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। इस आकस्मिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने पर समाजसेवी संजय यादव और अमित गुप्ता परिजनों के साथ शव को लेकर थाने पहुंचे और मामले की लिखित तहरीर दी।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।




