गाजीपुर। कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लुरपुरवा गांव के पास एनएच-19 पर कैमूर उत्पाद विभाग की टीम ने एक स्कॉर्पियो वाहन से अवैध शराब बरामद की है। वाहन गाजीपुर जिले के नंबर पर पंजीकृत है। स्कॉर्पियो के पीछे राज्यसभा सदस्य संगीता बलवंत का स्टीकर लगा हुआ था, जबकि आगे बीजेपी का झंडा भी प्रदर्शित किया गया था।

सूत्रों के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम द्वारा वाहन को रोके जाने पर उसमें सवार तस्कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद विभाग ने शराब और वाहन को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। वाहन गाजीपुर जिले के रामकेर बिंद के नाम से पंजीकृत बताया जा रहा है, जो स्थानीय निवासी हैं।
इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। उल्लेखनीय है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद उत्तर प्रदेश से बिहार की ओर अवैध शराब तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। तस्कर अक्सर राजनीतिक दलों के झंडे, नेताओं के नाम और स्टीकर का सहारा लेकर जांच से बचने की कोशिश करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गाजीपुर से बिहार में शराब तस्करी की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन तस्करों का नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त करना अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।

उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। वहीं राजनीतिक पहचान की आड़ में हो रही कथित तस्करी को लेकर सख्त जांच और प्रभावी कार्रवाई की मांग भी उठने लगी है। इस मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।



