गाजीपुर/ जखनिया। विकासखंड जखनिया अंतर्गत ग्राम सभा जौहरपुर की दलित बस्ती में बीती रात करीब 12 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब अज्ञात कारणों से एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और संजय राम की झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई।
इस अग्निकांड में झोपड़ी में रखा सारा घरेलू सामान, अनाज, बिस्तर, कपड़े, जरूरी कागजात, कुछ नकदी और एक बकरी जलकर नष्ट हो गई। गनीमत यह रही कि झोपड़ी में सो रहे परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जौहरपुर निवासी राम अवध राम के चार पुत्र हैं, जो अपने-अपने हिस्से की झोपड़ियों में परिवार सहित रहते हैं। राम अवध राम के दूसरे पुत्र संजय राम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग झोपड़ी में निवास करते थे। पीड़ित परिवार का आरोप है कि बीती रात कुछ असामाजिक तत्वों ने आपसी रंजिश के चलते जानबूझकर उनकी झोपड़ी में आग लगा दी।
आग की लपटें और धुआं उठता देख संजय राम और उनके परिवार के लोग शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बाल्टी और डिब्बों में पानी लेकर आग बुझाने दौड़ पड़े। पूर्व सैनिक मुन्नीलाल ने बताया कि ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि तब तक पूरी झोपड़ी जलकर खाक हो चुकी थी।
संजय राम ने बताया कि किसी तरह उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन लगभग एक वर्ष की पूरी गृहस्थी आग की भेंट चढ़ गई। इस घटना के बाद उनका परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है और उनके सामने रहने व खाने-पीने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
वहीं पीड़ित के पिता राम अवध राम ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने जानबूझकर झोपड़ी में आग लगाई है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और आवास सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस संबंध में जखनिया विधायक बेदी राम ने कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं समाजवादी पार्टी जखनिया विधानसभा अध्यक्ष राजू यादव, प्रधान प्रतिनिधि अभय सिंह, अंकुर सिंह, धर्मवीर चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने का भरोसा दिया है।



