गाजीपुर। जमानिया क्षेत्र के देवड़ी गांव में सोमवार सुबह करीब छह बजे गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद लगी आग ने बड़ा हादसा करा दिया। आग की चपेट में आने और मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में हुए जोरदार धमाके से दो स्कूली छात्रों की झुलसकर मौत हो गई। हादसे में मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।मृतकों की पहचान देवड़ी गांव निवासी सुंदरम यादव (12) और विशाल शर्मा (15) के रूप में हुई है। दोनों पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवड़ी के छात्र थे। सुंदरम कक्षा छह, जबकि विशाल कक्षा आठ में पढ़ता था। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह सुंदरम अपनी बहन रेखा के साथ विशाल के घर दूध लेने गया था। उस समय विशाल की मां मीना देवी रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा और अचानक आग भड़क उठी।रसोई से आग की लपटें निकलती देख मीना देवी और रेखा तत्काल घर से बाहर निकल गईं। वहीं आंगन में मौजूद सुंदरम और विशाल घबराकर बगल के कमरे में चले गए। दोनों बच्चे आग से बचने के लिए पटनी पर चढ़ गए।
इसी दौरान आग कमरे में खड़ी मोटरसाइकिल तक पहुंच गई। आग की वजह से मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में जोरदार धमाका हो गया। धमाके की चपेट में आने से दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह, तहसीलदार राम नारायण वर्मा समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों छात्रों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। दो बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



