गाजीपुर। समाजवादी पार्टी गाजीपुर के तत्वावधान में 23 दिसंबर को पार्टी कार्यालय समता भवन में जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में देश के किसानों के मसीहा एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी के शुभारंभ से पूर्व पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा किसानों के हित, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संकल्प लिया।


जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह देश के महान नेता और प्रख्यात अर्थशास्त्री थे। वे जीवनभर किसानों के अधिकारों और उनके हितों के लिए संघर्ष करते रहे। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि वर्तमान नीतियों के कारण आज देश का किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। किसानों की समस्याओं के प्रति मोदी–योगी सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है और पूंजीवाद को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार में किसानों के साथ लगातार अन्याय और अत्याचार हो रहा है।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव ने अपने विचार रखते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह भ्रष्टाचार के घोर विरोधी थे। उनका मानना था कि जिस देश में भ्रष्टाचार व्याप्त हो, वह कभी प्रगति नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि आज किसान खाद की किल्लत, बढ़ी हुई बिजली दरों और डीजल के दामों से जूझ रहा है, जिससे खेती की लागत बढ़ती जा रही है और आय लगातार घट रही है। ऐसे समय में सरकार का रवैया किसानों के प्रति सौतेलापन और असंवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आज देश चौधरी साहब को बड़े ही भावुक मन से याद कर रहा है।
इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने मुहम्मदाबाद में अनुमति के बावजूद प्रशासन द्वारा पीडीए कार्यक्रम निरस्त किए जाने की कड़ी निंदा की और आक्रोश व्यक्त किया। नेताओं ने कहा कि इस निर्णय के विरोध में समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरकर प्रतिरोध दर्ज कराएगी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, डॉ. नन्हकू यादव, सुशील जायसवाल, अरुण कुमार श्रीवास्तव, आत्मा यादव, दिनेश यादव, सुभाष यादव, सुनील यादव, सदानंद यादव, राजेश यादव, रामाशीष यादव, सुग्गु यादव, लड्डन खां, वंशबहादुर कुशवाहा, भरत यादव, रविंद्र प्रताप यादव, राम विजय यादव, निजामुद्दीन खां, अशोक कुमार बिंद, अवधेश यादव, केशरी यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गोष्ठी का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।
कार्यक्रम के अंत में समाजवादी शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष कमलेश यादव उर्फ भानू यादव की माता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।



