
गाजीपुर । दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के देवरीबारी गांव में एक युवक और युवती का गला काटने की घटना सामने आई है। इस घटना में 23 वर्षीय मधु चौहान की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा चाचा सुनील चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बात की पुष्टि EMO मेडिकल कॉलेज और एसपी सिटी ज्ञानेंद्र ने भी की है। मृतका मधु चौहान (23 वर्ष) और सुनील चौहान (25 वर्ष), जो रिश्ते में चाचा-भतीजी लगते हैं। घटना शुक्रवार की सुबह लगभग 10 बजे, देवरीबारी गांव में घटित हुई है, फिलहाल घटना का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र ने बताया है कि घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां मधु चौहान को मृत घोषित कर दिया गया। सुनील चौहान को प्राथमिक इलाज के बाद वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही इसके पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतका की दादी लीलावती देवी ने बताया कि सुनील बचपन से ही उनके साथ रह रहा था और बीटीसी की पढ़ाई कर रहा था। मधु भी बीटीसी के फाइनल ईयर की छात्रा थी और परिवार उसकी शादी की तैयारियों में जुटा था। घटना के वक्त घर में कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था ।



