गाजीपुर/ जमानियां: नगर कस्बा बाजार स्थित मोहल्ला बुद्धिपुर एकता लॉन में शनिवार को पापुलर अस्पताल, वाराणसी की ओर से निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. अख्तर (एमबीबीएस, एमएस) ने अपनी सेवाएं दीं। कैंप में दूर-दराज से पहुंचे सैकड़ों मरीजों ने स्वास्थ्य जांच कराकर लाभ उठाया।
अमन शांति एकता कमेटी के सरपरस्त नेसार अहमद खान वारसी ने बताया कि पापुलर अस्पताल वाराणसी के सहयोग से आयोजित इस फ्री मेडिकल कैंप में हड्डी एवं जोड़ रोग से पीड़ित लोगों को विशेष राहत मिली। बड़ी संख्या में मरीजों ने डॉक्टर से परामर्श लेकर उपचार प्राप्त किया और इस पहल के लिए आयोजकों का आभार जताया।

कैंप के दौरान मरीजों की हड्डी व जोड़ संबंधी जांच, एक्स-रे, कैल्शियम, ब्लड प्रेशर एवं शुगर जैसी आवश्यक जांचें की गईं। जांच के बाद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। डॉ. अख्तर ने घुटनों, कमर, कूल्हों और जोड़ों में दर्द, अकड़न एवं अन्य हड्डी संबंधी समस्याओं के उपचार व बचाव को लेकर महत्वपूर्ण परामर्श दिए।
डॉ. अख्तर ने बताया कि हड्डियों को मजबूत रखने के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह के फ्री मेडिकल कैंप लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर बेहतर उपचार और स्वास्थ्य जागरूकता मिल सके।
इस अवसर पर अमन शांति एकता कमेटी के सरपरस्त नेसार अहमद खान वारसी ने डॉ. अख्तर को गुलदस्ता भेंट कर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम में फैयाज मंसूरी, अरशद मंसूरी, बेलाल मंसूरी, नेहाल खान, माहिर कमाल अंसारी, जमाल मंसूरी, निसात खान वारसी उर्फ प्रिंस, हयात खान वारसी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



