राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास से मना 77वां गणतंत्र दिवस, छात्राओं ने पेश किए देशभक्ति कार्यक्रम

गाजीपुर। सदर क्षेत्र के महुआ बाग स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महुआ बाग में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसे विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रागिनी श्रीवास्तव ने संपन्न कराया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती रागिनी श्रीवास्तव ने उपस्थित छात्राओं और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत एक संप्रभु गणराज्य बना और इसी दिन देश में संविधान लागू हुआ। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिया है, जो आज हमारे लोकतंत्र की मजबूत नींव है।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एक समय था जब भारत और भारतीयों को दुनिया के कई देश हीन भावना से देखते थे, लेकिन आज भारत ने हर क्षेत्र में प्रगति कर वैश्विक मंच पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। यह उपलब्धि हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने छात्राओं से संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नाटक और देशभक्ति नृत्य ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं वंदना भारती, सुमन यादव, रूबी सिंह सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय की छात्राएं और कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

गणतंत्र दिवस समारोह ने छात्राओं में देशप्रेम, अनुशासन और संविधान के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version