गाजीपुर। वाराणसी–गोरखपुर फोरलेन पर सोमवार की आधी रात कुछ अज्ञात लोगों द्वारा सैकड़ों बंदरों को जंगीपुर क्षेत्र के नसीरपुर मोड़ के पास छोड़ दिए जाने से आसपास के गांवों में अफरातफरी मच गई। मंगलवार सुबह होते ही बंदर फोरलेन से उतरकर रसूलपुर बेलवा, चकजाफर, मीरनापुर, चौकियां, नसीरपुर और नगवा गांवों में फैल गए और उत्पात मचाने लगे।
ग्रामीणों ने बंदरों को भगाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बंदरों के झुंड ने घरों में घुसकर सामान बिखेर दिया। ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार को शिवशंकर के घर से कपड़े उठाकर भाग गए और राशन फैला दिया। वहीं दोपहर में दीपक यादव के घर के किचन में घुसकर बर्तन व अन्य घरेलू सामान अस्त-व्यस्त कर दिया।
लगातार बढ़ रही परेशानी से ग्रामीण दहशत में हैं और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



