शम्‍मी सिंह ने जर्जर सड़को को लेकर डीएम को सौंपा पत्रक

गाजीपुर । जर्जर सड़कों को लेकर चल रहे हस्ताक्षर अभियान के समापन के बाद जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया है। समाजसेवी विवेक कुमार सिंह शम्मी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में 10 हजार शहरवासियों के हस्ताक्षर शामिल हैं। ज्ञापन में पिछले सात वर्षों से चल रहे सीवर कार्य के कारण सड़कों की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त की गई है। शम्मी सिंह ने बताया कि गाजीपुर नगरीय क्षेत्र में पिछले सात वर्षों से सीवर का कार्य जारी है। नगर के प्रमुख मार्गों पर दो वर्ष पहले ही कार्य समाप्त हो चुका है, लेकिन कार्यदायी संस्थाओं द्वारा इन सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई है। सड़कों की खराब स्थिति के कारण शहरवासियों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, और धूल व गंदगी के कारण बीमारियों का सामना कर रहे हैं। लोगों ने जिलाधिकारी से मांग किया कि पिछले सात वर्षों में शहरी क्षेत्र में सीवर निर्माण कंपनी, जल निगम, नमामि गंगे प्रोजेक्ट, नगर पालिका और पीडब्ल्यूडी जैसी कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किए गए कार्यों की जांच की जाए। अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाए और जिम्मेदार व्यक्ति या फर्म पर मुकदमा दर्ज किया जाए। इसके साथ ही वर्तमान में चल रहे कार्यों की निगरानी के लिए सक्षम अधिकारियों की एक समिति गठित की जाए। यह समिति कार्य की गुणवत्ता और समय सीमा के भीतर कार्य पूरा होने को सुनिश्चित करेगी। पत्रक देने वालों में क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह, राजेश प्रजापति, अनुज भारती(पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष) आलोक सिंह (पूर्व छात्र नेता)व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आसिफ खान, संजय सिंह, प्रशांत सिंह, बृजेश राय, समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version