गाज़ीपुर। समता इंटर कालेज और समता महाविद्यालय सादात के संस्थापक पूर्व शिक्षामंत्री स्व. कालीचरण यादव की नौवीं पुण्यतिथि शुक्रवार को कालेज परिसर में मनाई जाएगी। यह जानकारी महाविद्यालय के प्रबंधक सभाजीत सिंह यादव ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के प्रमुख अतिथियों में पूर्व संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य दिवाकर सिंह और महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामजी सिंह होंगे।गौरतलब है कि पूर्व शिक्षामंत्री स्व. कालीचरण यादव उत्तर प्रदेश के पूर्व शिक्षामंत्री और पूर्वांचल के एक जाने-माने राजनेता और शिक्षाविद् थे। उन्हें शिक्षा के प्रसार के लिए ‘शिक्षा का गांधी’ और ‘कर्मयोगी’ के रूप में जाना जाता है। वे सन 1974 में भारतीय क्रांति दल से सादात सीट से पहली बार विधायक चुने गए थे। सन 1977 में जनता पार्टी से दोबारा विधायक बने और उत्तर प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री बनाए गए। आपातकाल (1975) के दौरान वे करीब 17 महीने बरेली की जेल में भी रहे थे। उन्होंने गाजीपुर जनपद के सादात में समता स्नातकोत्तर महाविद्यालय सहित कई शिक्षण संस्थानों की स्थापना की थी। समता इंटर कालेज और समता महाविद्यालय उन्हीं की देन है, जहां से हजारों विद्यार्थियों ने शिक्षा प्राप्त कर अपना भविष्य संवारा। उनका निधन 84 वर्ष की अवस्था में 13 नवंबर 2017 को हुआ था।


